मुख्य सामग्री पर जाएं

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 की तारीखें घोषित: 4 चरणों में मतदान, सरपंच चुनाव 24 अक्टूबर से 16 नवंबर तक

Rajasthan Panchayat Election 2026 Dates Announced: Sarpanch Polls in 4 Phases, 24 Oct to 16 Nov

· Sarpanch.online डेस्क

राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने 3 अक्टूबर 2026 को पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया। प्रदेश में पहली बार सभी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव एक साथ ("एक राज्य, एक चुनाव") हो रहे हैं। चुनाव 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों में होंगे।

अपडेट (6 अक्टूबर 2026): आयोग ने धनतेरस (6 नवंबर) के कारण पहले, दूसरे और तीसरे चरण का मतदान एक-एक दिन पहले कर दिया है। नीचे की तालिका संशोधित तारीखों के साथ है; चौथा चरण यथावत है। बदलाव की पूरी खबर

हर मतदाता को दो दिन वोट डालना होगा

पहले जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए EVM से, और उसके दो दिन बाद सरपंच व वार्ड पंच के लिए मतपेटी से। दोनों दिन मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा।

चरणसदस्य मतदानसरपंच-पंच नामांकनसरपंच-पंच मतदान व मतगणनाउपसरपंच चुनाव
पहला22 अक्टूबर23 अक्टूबर24 अक्टूबर25 अक्टूबर
दूसरा28 अक्टूबर29 अक्टूबर30 अक्टूबर31 अक्टूबर
तीसरा3 नवंबर4 नवंबर5 नवंबर6 नवंबर
चौथा14 नवंबर15 नवंबर16 नवंबर17 नवंबर

सरपंच और पंच के वोटों की गिनती मतदान खत्म होते ही ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी, यानी नतीजे उसी शाम आ जाएंगे। सरपंच-पंच के नामांकन सुबह 8 से 11 बजे तक भरे जाएंगे; संवीक्षा 11:30 बजे से और नाम वापसी दोपहर 2 बजे तक होगी।

जिला परिषद, प्रधान और जिला प्रमुख

  • जिला परिषद सदस्य के नामांकन सभी जिलों में एक साथ: अधिसूचना 8 अक्टूबर, अंतिम तारीख 13 अक्टूबर, नाम वापसी 15 अक्टूबर।
  • सभी चरणों के जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से जिला मुख्यालय पर।
  • जिला प्रमुख 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख 26 नवंबर, प्रधान 27 नवंबर और उप प्रधान का चुनाव 28 नवंबर को।
  • बारां, श्रीगंगानगर, करौली और कोटा के जिला प्रमुख व वहां की पंचायत समितियों के प्रधान का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होगा, इसलिए इन पदों की तारीखें आयोग अलग से घोषित करेगा।

कौनसा जिला कितने चरणों में

जैसलमेर, फलोदी और सलूंबर में चुनाव एक चरण में; झुंझुनूं, करौली, सीकर, बांसवाड़ा, बीकानेर, जालोर और उदयपुर में तीन चरण में; जयपुर में चार चरण में; और बाकी सभी जिलों में दो चरण में होंगे। आपकी पंचायत समिति किस चरण में है — अपने जिले के सरपंच आरक्षण पेज पर चरणवार सूची और हर ग्राम पंचायत के पेज पर उसकी मतदान तारीख देखें।

कुछ आंकड़े

  • कुल मतदाता 4,03,07,308 — 2,08,87,351 पुरुष, 1,94,19,789 महिलाएं और 168 थर्ड जेंडर। 2020–21 के मुकाबले 6.22% अधिक।
  • कुल 45,384 मतदान केंद्र।
  • सबसे ज्यादा मतदाता जिला परिषद जयपुर (18,99,920) में और सबसे कम जैसलमेर (4,37,088) में।
  • चुने जाने वाले कुल जन प्रतिनिधि 1,55,138 — 1,403 जिला परिषद सदस्य, 8,245 पंचायत समिति सदस्य, 14,403 सरपंच और 1,30,589 वार्ड पंच।
  • मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) के अलावा आधार, मनरेगा/VB-G RAM G कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड समेत 11 वैकल्पिक दस्तावेज मान्य होंगे।

पूरा कार्यक्रम: पंचायत चुनाव 2026 — कार्यक्रम।

संबंधित समाचार

पंचायत चुनाव की तारीखें बदलीं: धनतेरस पर नहीं होगा सरपंच मतदान, पहले तीन चरण एक दिन पहले

राज्य निर्वाचन आयोग ने 6 अक्टूबर को कार्यक्रम संशोधित किया। सरपंच-पंच मतदान अब 24, 30 अक्टूबर और 5 नवंबर को; सदस्य मतदान 22, 28 अक्टूबर और 3 नवंबर को। चौथा चरण यथावत।

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: चार चरणों में मतदान का प्रस्ताव, 12 अक्टूबर से 5 नवंबर तक वोटिंग

राज्य सरकार के हाईकोर्ट में रखे प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर को अधिसूचना, 12 अक्टूबर से चार चरणों में मतदान और 12 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति की मतगणना।

सरपंच आरक्षण लॉटरी 2026: आज उपखंड मुख्यालयों पर तय हो रहा हर ग्राम पंचायत का वर्ग

राजस्थान में 24 सितंबर 2026 को सरपंच और वार्ड पंच पदों की आरक्षण लॉटरी उपखंड अधिकारियों की देखरेख में निकाली जा रही है। एक दिन पहले जिला परिषद, प्रधान और पंचायत समिति की लॉटरी हुई।